गगहा थाना क्षेत्र में बंदर के हमले से महिला की मौत, गांव में दहशत

गगहा थाना क्षेत्र के भैंसहा गांव की रहने वाली कृष्णावती सिंह (56) की सोमवार को दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह सुबह करीब नौ बजे अपने घर की छत पर धूप में बैठी थीं, तभी अचानक एक बंदर ने उन्हें धक्का दे दिया। धक्का लगने से वह छत से नीचे गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।

परिजन आनन-फानन में उन्हें गगहा स्थित एक निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां से हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने के बाद इलाज के दौरान शाम करीब सात बजे उनकी मौत हो गई। मंगलवार सुबह गांव के पास राप्ती नदी के तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में काफी समय से बंदरों का आतंक बना हुआ है। एक बंदर काफी बड़ा और आक्रामक बताया जा रहा है, जो अकेले मिलने पर लोगों पर हमला कर देता है। इस घटना के बाद गांव में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बंदरों के आतंक से जल्द निजात दिलाने की मांग की है।

Leave a Comment